बुधवार, 10 अगस्त 2016

क्या है नीतीश कुमार की शराबबंदी का सच? क्यूं डर रही है शराबबंदी से बिहार की महिलाएं?

नीतीश कुमार शराब बंदी पर अपने विरोधियों के खिलाफ खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने एक ब्लॉग के जरिए कहा है कि ये एक बड़ी चुनौती है लेकिन वो इससे पीछे नहीं हटेंगे। दूसरी तरफ उनके गृह जिले नालंदा में शराब बनाने वाले लोगों पर हुए सामुहिक जुर्माने ने शराबबंदी से बेरोजगार हुए लोगों की एक नई कहानी सामने रख दी है। 10 पुलिस अधिकारियों के सस्पेंड कर भी उन्होंने शराबबंदी को लेकर अपनी सख्ती दिखाने की कोशिश की है। इन तमाम उठापटक के बीच अब ये सवाल गहरा रहा है कि नीतीश कुमार की शराबबंदी को लेकर आखिर क्या सोच है? क्या सचमुच बिहार को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने शराबबंदी की इस मुहिम को शुरू किया है या फिर इस पीछे भी कोई सियासी गणित हैं?
निजी तौर पर मैंने पहले भी नीतीश कुमार की इस पहल को एक बेहतरीन कदम बताया है। शराब इस देश को खोखला कर रही है और शराबबंदी के जरिए देश में अपराध और युवाओं के भटकाव की समस्या से बहुत हद तक निपटा जा सकता है। बिहार में शराब बंदी के बाद से ही नीतीश कुमार शराब माफिया और विरोधियों के निशाने पर रहे हैं। बिहार में शराबबंदी के बाद से एक छटपटाहट देखने को मिली है। इसी का नतीजा है कि उनके अपने गृह जिलें नालंदा से लगातार अवैध शराब मिलना उनके लिए चुनौती बना हुआ है। इस सबके बीच नीतीश कुमार ने एक ब्लॉग के जरिए शराबबंदी की पुरजोर वकालत करते हुए गांधी जी को कोट किया।

उन्होंने लिखा है कि महात्मा गांधी ने यंग इंडिया में 1931 में लिखा था - यदि मुझे एक दिन के लिए भारत का तानाशाह बना दिया जाए तो मैं सबसे पहले पूरे देश में बिना कोई मुआवजा दिए सभी शराब की दुकानों के बंद करवा दूंगा। साथ ही उन्होंने गांधी जी की इस बात को भी पुरजोर तरीके से लिखा कि किसी भी देश की जड़ों को खोखला करने के लिए नशा ही जिम्मेदार होता है। बड़ी बड़ी सियासतों का अंत इसी शराब की वजह से हुआ है। नीतीश ने जितनी भी बातें लिखी हैं उनसे शायद ही कोई इन्कार कर पाए।

इसमें सियासत की बू तब सामने आती है जब वो इसी ब्लॉग में गुजरात का नाम लिए बगैर कहते हैं कि जिन राज्यों में शराब बंदी लागू भी की गई है वहां ये पूरी तरह से कामयाब नहीं है। ये बात सच भी है कि जिन राज्यों में शराबबंदी होती है वहां शराब उपलब्ध हो जाती है। गुजरात भी इससे अछूता नहीं है। ये जरूर है कि जिन राज्यों में शराबबंदी होती है वहां अपेक्षाकृत इसके दुष्प्रभाव कुछ कम हो जाते हैं। हांलाकि शराब के दुष्प्रभाव सामने आते हैं तो शराबबंदी के भी कुछ दुष्प्रभाव हमारे सामने आए हैं।

एक तरफ नीतीश कुमार शराब बंदी का दावा कर रहे दूसरी तरफ उनके गृह जिले नालंदा के इसलामपुर एक गांव के दलित परिवार उनकी सरकार पर बरसते दिखाई दे रहे हैं। दरअसल शराबबंदी के बावजूद यहां से बङे पैमाने पर देशी-विदेशी शराब मिलने का सिलसिला जारी है। इसी वजह से प्रशासन ने हर परिवार पर पांच पांच हजार रुपय का जुर्माना लगा दिया है। इन लोगों का कहना है कि उनके पास खाने को पैसा नहीं है तो वो जुर्माना कहां से भर पाएंगे? प्रशासन इस मामले को लेकर कितना सख्त है इसकी बानगी 10 एसएचओ को सस्पेंड करने की कार्रवाई से लगाया जा सकता है।
गांव वालो का आरोप है कि राज्य सरकार ने इन लोगों को बेरोजगार कर दिया है। बेरोजगारी के कारण ही ये लोग शराब बनाने के धंधे में आए थे। इनका कहना है ये जुर्माना कहा से भरेंगे जब पेट भरने के लिए भी पैसा नहीं है। सबसे अहम बात उन महिलाओं की है जो शराबबंदी के फैसले से बहुत खुश थीं लेकिन उनका अब कहना है कि वो शराब बंदी तो चाहती हैं लेकिन उनके पतियों के जेल जाने की कीमत पर नहीं। शराबबंदी करना और शराब का छूट जाना में बहुत फर्क होता है। शराब लाखों लोगों का कारोबार है तो करोड़ों लोगों की लत है। लत और रोजगार दोनों ही चुनौतियों को सामने रखकर कोई फैसला लेना ही कारगर हो सकता है। यही वजह है कि सुशासन बाबू को ये लोग तानाशाह कहने से भी परहेज नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने अपने ब्लॉग के जरिए इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि सरकार को मिली शक्ति समाज की भलाई के लिए ही होती हैं। नशे का कारोबार किसी अधिकार के दायरे में नहीं आते हैं। ये आरोप बेबुनियाद है कि ये तानाशाही रवैया है क्यूंकि सुप्रीम कोर्ट ने खुद कहा है कि नशे बेचना, खरीदना, आयात करना, निर्याता करना या भंडारण करना किसी मौलिक अधिकार का हिस्सा नहीं है। समाज के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी सरकार की है और मैं ये जिम्मेदारी निभाता रहुंगा।

इन आरोपों के बीच सुशासन बाबू पर शराबबंदी को लेकर एक राजनैतिक आरोप भी लगा ये आरोप उनकी सियासी दोस्त कही जाने वाली आम आदमी पार्टी के ही एक सदस्य ने लगाए। अपने एक ब्लॉग में इन्होंने लिखा कि शराबबंदी के बाद जब मैं बिहार गया तो लोगों में इसको लेकर सकारात्मकता तो दिखी लेकिन साथ ही साथ एक डर का माहौल भी देखने को मिला। खासतौर पर महिलाएं जबरदस्ती शराबबंदी होने के बाद लगातार हो रही पुलिसिया कार्रवाई से बहुत खौफजदा हैं। उन्होंने ये भी लिखा कि नए कानून के मुताबिक सिर्फ शराब रखने वाला शख्स ही नहीं उसके परिवार के 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के सभी लोगों को जेल भेजने का प्रावधान है।

शराब बंदी के बाद राज्य सरकार को आबकारी आय में जबरदस्त घाटा उठाना पड़ रहा है। सुशासन बाबू को अपनी छबि मजबूत करने में तो इससे फायदा मिल रहा है लेकिन आर्थिक तौर पर सरकार को इस मोर्चे पर झटका लग रहा है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि आखिर वो ये काम कर ही क्यूं रहे हैं। इसी ब्लॉग में एक स्थानीय पत्रकार के हवाले से ये भी लिखा है कि अवैध शराब का कारोबार पार्टी फंड में ज्यादा पैसा लेकर आता है। नीतीश अगले लोकसभा चुनाव में खुद को मोदी की टक्कर में खड़ा मान रहे हैं, यही वजह है कि वो अगले चुनाव के लिए पैसा जुटाने में लगे हुए हैं।

ये तर्क कमजोर दिखाई पड़ सकता है लेकिन नीतीश कुमार की महत्वकांक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। नीतीश कुमार ने बिहार लोकसभा चुनाव में अपनी हार को मोदी के खिलाफ हुई हार माना और लालू जैसे धुर विरोधी से हाथ मिलाने में भी गुरेज नहीं किया। केंद्र की राजनीति में मोदी के खिलाफ कोई और चेहरा विपक्ष की तरफ से नहीं दिखाई पड़ता है। मुलायम, ममता, जयललिता और नीतीश कुमार जैसे चेहरे स्थानीय राजनीति में बड़े हो सकते हैं लेकिन जब केंद्र की राजनीति की बात आती है तो ये चेहरे मोदी के कद के दिखाई नहीं पड़ते।


इस बात को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि दो साल पहले मोदी भी क्षेत्रीय राजनीति का ही चेहरा थे। गुजरात में रहते हुए उन्होंने खुद को राष्ट्रीय पटल पर एक बड़ी ताकत के रूप में स्थापित करने में कामयाबी हासिल की थी। नीतीश कुमार मोदी की ही राह पर चल रहे हैं। मोदी मंत्र को अपनाते हुए पहले उन्होंने अपने प्रचार को बिलकुल उन्हीं के अंदाज में सामने रखा। उन्हें किसी समय में मोदी की ही टीम का हिस्सा रहे प्रशांत किशोर का साथ भी मिला। गौर करने वाली बात ये है कि प्रशांत औपचारिक तौर पर बिहार सरकार के सलाहकार भी हैं। नीतीश के शराबबंदी के फैसले को भी बहुत दूरदर्शिता के साथ लिए गए फैसले के बजाए चुपचाप मोदी मंत्र को मान लेने के तौर पर भी देखा जा सकता है। यही वजह है कि बेशक गांधी के बहाने ही सही नीतीश कुमार को तानाशाह कहलाने में भी कोई हर्ज नहीं है।

शनिवार, 6 अगस्त 2016

क्यूं बिंदी, सिंदूर और मंगलसूत्र नहीं पहन सकती मुस्लिम महिलाएं?

क्यूं बिंदी, सिंदूर और मंगलसूत्र नहीं पहन सकती मुस्लिम महिलाएं?

क्या मुस्लिम महिलाएं बिंदी और सिंदूर लगा सकती हैं? ऐसे सवालों के बारे में भी सोचना पड़ता है क्यूंकि इसका विरोध करने वाले भी इस देश में मौजूद हैं। इस विषय पर लिखूं या न लिखूं को लेकर असमंजस बना रहा लेकिन जब दर्जन भर जिम्मेदार लोगों से बातचीत हो गई तो लगा विषय महत्वपूर्ण है जरूर कुछ लिखा जाना चाहिए। डॉ. फहीम बेग, अंसार रजा जैसे इस्लामिक विद्वान साथ में थे तो रजा मुराद, नगमा जैसे फिल्मों में काम करने वाले इस्लाम के मानने वाले कलाकार भी मौजूद थे। इस मामले पर सना खुद जुड़ीं और फिर उनके पति एजाज से भी इस पर बातचीत हुई। इतने लोगों से बात करने के बाद एहसास हुआ कि बिंदी और सिंदूर का ये मुद्दा इतना छोटा नहीं है जितना दिखाई पड़ता है।
फिल्म अस्तित्व की एक सांकेतिक तस्वीर

सना ने कई कट्टरपंथियों के हमलों का जवाब देते हुए कहा मेरी मां और नानी तो मंगलसूत्र पहनती हैं और सिंदूर लगाने से मेरा इस्लाम कम नहीं हो जाता। दूसरा हमारे देश में हर किसी को अपने तरीके से पहनने, ओढ़ने और रहने की आजादी है। मुझे नहीं लगता कि सिंदूर लगाने से खुदा मुझे दोज़ख में पहुंचा देंगे। सना ने जो बातें मुझ से बातचीत में कहीं वो उन्होंने फेस बुक पर भी लिखीं थी। उनकी इन बातों में एक जकड़न का भी एहसास होता है कि क्या इस्लाम को मानने की वजह से उनकी मंगलसूत्र पहनने या सिंदूर लगाने की अर्हता खत्म हो जाती है?

मैं इस्लाम का जानकार नहीं हूं जाहिर तौर पर इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता हूं। इस पर टिप्पणी करने के लिए दो विद्वान जुड़े। डॉ. फहीम बेग और अंसार रजा। विद्वानों की विद्वता ही आम लोगों का असमंजस बढ़ा देती है। ये दोनों भी ऑन एअर ही लड़ पड़े। फहीम बेग तो ये तक कह गए कि टीवी सीरियल में काम करने वाला किसी मजहब का रह ही कहा जाता है। उन्होंने ये भी कहा कि ऐसे सीरियलों में अंग प्रदर्शन किया जाता है।

अंसार रजा ने कहा आप भी टीवी पर हैं बेग साहब तो आप भी इस्लाम से बेदखल हो गए। उन्होंने ये भी कहा कि बिहार के कई गांवों में इस्लाम मानने वाली महिलाएं बिंदी लगाती हैं या मंगलसूत्र पहनती हैं इससे उनका इस्लाम कम नहीं हो जाता। जन्नत या दोजख भेजने का काम बेग साहब जैसे लोगों का नहीं है जो इस्लाम को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। जो फेस बुक और ट्वीटर पर इस्लाम को बदनाम कर रहे हैं वो भी अधकचरे जानकार है और ऐसे लोग इस्लाम को बदनाम ज्यादा करते हैं।

सना ने भी कहा कि ऐसे लोग जो दिन भर ट्वीटर और फेसबुक पर नसीहतें दे रहे हैं क्या उनका इस्लाम खत्म नहीं होता? मनोरंजन के ये सारे साधन भी इस्लाम में हराम हैं ऐसे में क्या इन पर भी सवाल खड़े नहीं होने चाहिए? सिर्फ बिंदी, सिंदूर या महिलाओं से जुड़ी बातों को उठाकर कट्टरपंथी इस्लाम को गलत तरीके से पेश करते हैं।

इन सब मेहमानों में मुझे दो लोगों की बातों ने सोचने पर मजबूर किया। ये दो लोग थे जानी मानी अभिनेत्री और कांग्रेस प्रवक्त नगमा और सना के पति एजाज खान। नगमा एक महिला हैं और मुसलमान भी हैं। वो फिल्मों को भी नजदीक से जानती है। उन्होंने एक भी बार सीरियल के बाहर बिंदी लगाने या मंगलसूत्र पहनने का समर्थन नहीं किया। वो परदे पर मेकअप करने के दौरान या किरदार की मजबूरियों के चलते इनके इस्तेमाल को तो जायज ठहराती रही लेकिन मुस्लिम महिलाओं को आम जिंदगी में इनका इस्तेमाल करना चाहिए या नहीं पर वो कुछ भी कहने से बचती रहीं।

सना के पति एजाज खान ने एक बढ़िया बात कही। मेरी मां और नानी भी मंगलसूत्र पहनते हैं। मुझे नहीं पता इस्लाम के जानकार इस पर क्या कहते हैं। मैंने अपने धर्म को जितना जाना और समझा है अपनी मां से ही समझा है। अगर वो ऐसा करती हैं तो फिर मेरे इसके विरोध करने का सवाल नहीं उठता। जहां तक औरों की धार्मिक आस्था का सवाल है मैं चाहता हूं इस मामले को ज्यादा न खींचा जाए।

नगमा और एजाज से हुई बातों से एहसास हुआ कि खुले विचारों के होने के बावजूद वो कुछ बंदिशे महसूस करते हैं। वो खुलकर बोलने से परहेज करते हैं क्यूंकि उन्हें कट्टरपंथियों के विरोध का डर है। अब सवाल ये उठता है कि जब इस लोकतांत्रिक देश में सबको समान अधिकार प्राप्त है तो किसी के पहनने ओढ़ने पर प्रश्न चिन्ह लगाकर आखिर धर्म का कौनसा सम्मान ये लोग कर रहे हैं? क्या फिल्मों में काम करने वाले शाहरुख, सलमान जैसे कलाकार अब मुसलमान नहीं रहे? क्या परदे पर बजरंग बली के परम भक्त बने बजरंगी भाईजान के खिलाफ इन कट्टर पंथियों को आवाज नहीं उठानी चाहिए थी। दरअसल ये बात इस्लाम की नहीं ये बात महिला सम्मान की है। वहीं महिलाओं के लिए पाबंदियों से भरे इस समाज में इस सोच को जिंदा रखने कि है कि महिलाओं ने सामाजिक और धार्मिक दायरों में रहने का ठेका ले रखा है।